hamarivani badge

a href="http://www.hamarivani.com/update_my_blogg.php?blgid=4653" target="_blank">www.hamarivani.com

Sunday, 30 July 2017

तुम्हारा साथ...

तुम्हारा साथ है,
जैसे भरोसा,
भरोसा जो भी होगा,
ठीक होगा।।

तुम्हारा साथ है,
जैसे दिलासा,
दिलासा ये कि मंज़िल,
मंज़िल पास होगी।

तुम्हारा साथ है,
मंदाकिनी-सा,
भरी है जिसमें शीतलता,
अनोखी।

तुम्हारा साथ है,
तारावली-सा,
प्रकाशित जिससे जीवन,
का ये पथ है।

तुम्हारा साथ है,
गीतावली-सा,
है गुंजित गीत-सा हर,
शब्द जिसका।

तुम्हारा साथ है,
जीवन का संबल,
है मुश्किल राह भी,
आसान जिससे।

- अंशुल।।

Friday, 7 July 2017

वक़्त चलता है...

वक़्त चलता है ,साथ उसके यूँ चलते रहिए,
ख़ुद ही ख़ुद के लिए, ख़ुद को भी बदलते रहिए।।

ज़िन्दगी जो भी है, ये आप सँवर जाएगी,
कोशिशें कीजिए, बस कोशिशें करते रहिए।।

एक ही है उसूल बस के यहाँ जीने का,
मंज़िलें पा के, नई राहों पे चलते रहिए।।

ढल न पाए जो ज़िंदगी तुम्हारे साँचे में,
क्या बुरा है कि ख़ुद ही साँचे में ढलते रहिए।।

राह आसान नहीं है तुम्हारे वास्ते तो,
चलते रहिए, न कि घबरा के यूँ टलते रहिए।

- अंशुल।।

अपनी कश्ती को न लहरों के हवाले रखिए!!

अपनी कश्ती को न लहरों के हवाले रखिए,
अपने हाथों में ही पतवार सम्भाले रखिए।।

आंधियाँ जिनको बुझाने में भी नाकाम रहें,
दिल में रोशन ज़रा कुछ ऐसे उजाले रखिए।।

एक अर्से से है तूफ़ान की दस्तक़ दर पर,
हौसला रखिए, यूँ न होठों पे नाले रखिए।।

चैन हर ओर है, राहों में बाहर आई है,
आज के दौर में ये ख़्वाब भी पाले रखिए।।

- अंशुल।।

Saturday, 18 February 2017

एक बेटी की बिदाई के सन्दर्भ में....

एक बेटी की बिदाई के सन्दर्भ में....

खिलौने छीनकर अपने यूँ दौड़ती है अभी,
वो है बयार-सी जैसे, कहाँ हुई है बड़ी?

आँगन को सजाती है रंगोली बनकर,
गूँजती घर में वो सारे ठिठोली बनकर।

दीयों में रहती है घर के वो रौशनी बनकर,
छिटकती है वो झरोखों से चाँदनी बनकर।

घर सर पे उठाती है वो तूफ़ान की तरह,
छाई रहती है ज़ेहन पे वो आसमाँ की तरह।

आँखों में वो बसती है यूँ अरमाँ बनकर,
दिलों में रहती हमारे वो जैसे जाँ बनकर।

जहाँ में आई वो जैसे मेरी पहचान बनकर,
कहाँ वो चल पड़ी है आज यूँ  मेहमाँ बनकर।

जो है दुआओं भरा दिल, वो लिए जा रही है,
नया जहान, नई ज़िन्दगी बुला रही है।

ख़ुशी के फूल उसकी राह में खिलते ही रहें,
कारवाँ जश्न के हर मोड़ पे मिलते ही रहें।

- अंशुल।

Tuesday, 6 December 2016

जब चुप था...

मैं चुप था,
तब तक अच्छा था।
जब बोल पड़ा,
तो बुरा हुआ।
पर मेरा इसमें दोष नहीं,
तुमने ज़िद की,
मुझसे बोले,
जो बात है दिल में,
साफ़ कहो।

मैं कह दी,
तुम सह न सके।
मुँह फुला के मुझसे रूठ गए।
अब मैं बोला,
क्यूँ रूठे हो?
तो बोले,
बड़े बुरे हो तुम।

इससे पहले ही अच्छे थे,
इतना कहकर तुम चले गए,

मैं खड़ा-खड़ा सोचता रहा,
जब चुप था तब ही बेहतर था।

-अंशुल तिवारी।

Saturday, 26 November 2016

भाषण...

भाषण, वक्तव्य विधा का सबसे सरल प्रकार है (व्यंगात्मक रूप से)।
अक्सर लोग इसे बड़ी सहजता से दे भी देते हैं।
शायद देने में यही वो पहली वस्तु होगी लोग जिसे किसी दूसरे को देने को हमेशा, एक पैर पर तैयार रहते हैं।
एक ख़याल इस बात पर,
----------------------------------
सुना हमने जो भाषण, कहा उनसे ठहर जाओ।
के जो समझा रहे हो तुम, वो ख़ुद करके दिखाओ।

जो है अंगार पे चलना, कदम पहले बढ़ाओ।
लटकना है जो सूली पर, तो हाथ अपना उठाओ।

ज़हर का घूँट पीना है, तो तुम प्याला उठाओ।

मियाँ हँसकर ज़रा बोले, न यूँ हमको फ़ँसाओ।
इन्हें बातें ही रहने दो, हकीकत न बनाओ।

अगर कुछ फ़ायदा चाहो, हमारे साथ आओ।
चढ़ो मंचों पे हाँको, ख़याल के घोड़े दौड़ाओ।

जो श्रोता हैं उन्हें वादों का घिस, चन्दन लगाओ।
ज़माना है सुनो मत, सुनाकर life बनाओ।

- अंशुल।

Tuesday, 22 November 2016

उलझन...

सुनता आया हूँ
हमेशा कि, काफ़ी है
समझदार को इशारा ही।
मगर मैं सोचता हूँ,
वो जो समझदार है,
उसे क्यूँ चाहिए इशारा??
क्यूँ नहीं वो समझ सकता,
हालत को देखकर,
या महसूसकर??
और यदि फिर भी चाहिए,
इशारे का सहारा,

तो नासमझ करे क्या बेचारा??

-अंशुल।